मेदिनीनगर: पलामू जिले के मेदिनीनगर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के महज 20 दिन बाद एक नवविवाहिता अपने पति को छोड़कर 72 ग्राम सोने के गहने और 90 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गई। पीड़ित पति ने इस घटना की शिकायत मेदिनीनगर शहर थाना में दर्ज कराई है।

पीड़ित गणेश्वर एक पेशेवर आभूषण कारीगर हैं और मेदिनीनगर में एक सर्राफा व्यवसायी के यहां काम करते हैं। गणेश्वर और उनकी पत्नी दोनों मूल रूप से महाराष्ट्र के निवासी हैं। पत्नी पुणे जिले के लातूर की रहने वाली है। दोनों की शादी 8 जून को महाराष्ट्र में हुई थी। शादी लड़की की सहमति से संपन्न हुई थी, लेकिन गणेश्वर के अनुसार, विवाह से ठीक एक दिन पहले दुल्हन के बॉयफ्रेंड ने फोन कर शादी तोड़ने की बात कही थी।
गणेश्वर ने यह मुद्दा विवाह से पहले ही दुल्हन से स्पष्ट किया था, लेकिन उसने किसी भी प्रकार के रिश्ते से इनकार कर दिया था। शादी के बाद 20 जून को दोनों मेदिनीनगर आकर रहने लगे। बीते शुक्रवार को गणेश्वर रोज की तरह काम पर चले गए थे, लेकिन जब वे शाम को लौटे तो घर का दरवाजा खुला मिला और पत्नी लापता थी। घर से 72 ग्राम सोने के गहने और 90 हजार रुपये नकद भी गायब थे।
सीसीटीवी फुटेज में महिला को सूटकेस के साथ घर से निकलते हुए देखा गया है। पीड़ित पति का आरोप है कि उसकी पत्नी अपने पुराने बॉयफ्रेंड के पास गई है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और महिला की तलाश की जा रही है। इस घटना ने शहर में सनसनी फैला दी है और स्थानीय लोगों में भी चर्चा का विषय बना हुआ है।