जमशेदपुर के बागबेड़ा में दुर्गा पूजा पंडाल में बवाल, फायरिंग की चर्चा से फैली दहशत

जमशेदपुर : दुर्गा पूजा के दौरान शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन जहां सख्त सुरक्षा इंतजाम की बातें करता है, वहीं बागबेड़ा थाना क्षेत्र के चार नंबर दुर्गा पूजा पंडाल में कल रात करीब 3 बजे बड़ा बवाल हो गया। दो गुटों के बीच हुए विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान फायरिंग की भी चर्चा है, जिससे लोगों में दहशत फैल गई और श्रद्धालु जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।

Trulli

 

स्थानीय लोगों के अनुसार, विवाद भोजपुरी गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ। इसमें भालूबासा का रहने वाला अभिषेक सिंह भी शामिल था, जो कथित रूप से फायरिंग की घटना में घायल हुआ। घायल अवस्था में उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के बाद वह वहां से भाग निकला। मौके पर उसके साथ समीर यादव और राजीव नामक युवक भी मौजूद थे।

 

प्रशासनिक स्तर पर इस मामले को लेकर अलग ही बयान सामने आया है। पुलिस का कहना है कि घटना केवल मारपीट तक सीमित थी और किसी तरह की फायरिंग नहीं हुई। लेकिन, प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का दावा है कि वहां गोलियां चली थीं। यही कारण है कि पुलिस की भूमिका और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

 

लोगों का कहना है कि जब त्योहारों में लाखों की भीड़ जुटती है, तब पुलिस का फर्ज है कि वह हर पंडाल में सक्रिय निगरानी रखे। देर रात हुए इस बवाल ने न केवल प्रशासन की चुप्पी को उजागर कर दिया, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था की पोल भी खोल दी है। घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।