जमशेदपुर के मानगो डिमना रोड स्थित संजय पंथ इलाका रविवार तड़के एक बार फिर गोलियों की आवाज से दहल उठा। सुबह करीब पांच बजे बाइक से पहुंचे शातिर अपराधी टेका चौधरी ने अपने साथी के साथ मिलकर कुख्यात बदमाश गुड्डू पांडेय के घर पर चार राउंड गोलियां दागीं। अचानक हुई इस फायरिंग से सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोग दहशत में आ गए और घरों में दुबक गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आस्था स्पेस टाउन निवासी टेका चौधरी ने वारदात से पहले बाइक से उतरकर गुड्डू पांडेय के घर की कॉल बेल बजाई और गाली-गलौज की। इसके बाद उसने पिस्तौल निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस दौरान आरोपियों ने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी निशाना बनाया। हालांकि घटना के समय गुड्डू पांडेय घर पर मौजूद नहीं था क्योंकि उसे जिला प्रशासन ने तड़ीपार किया हुआ है। गोली की आवाज सुनते ही घरवाले बाहर निकले, लेकिन तब तक हमलावर मौके से फरार हो चुके थे।
गौरतलब है कि टेका चौधरी अमरनाथ सिंह हत्या मामले का आरोपी रह चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर है। घटना के बाद गुड्डू पांडेय के पिता बिजेंद्र पांडेय ने उलीडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। हैरानी की बात यह रही कि सूचना मिलने के करीब ढाई घंटे बाद सुबह साढ़े सात बजे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा बरामद किया और सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें टेका चौधरी और उसका साथी फायरिंग करते साफ दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने तत्काल टेका चौधरी के घर पर छापेमारी की, लेकिन वह फरार बताया जा रहा है। फिलहाल उसकी तलाश जारी है। पुलिस सूत्रों का मानना है कि यह हमला पुराने विवाद का नतीजा हो सकता है। बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले गुड्डू पांडेय ने टेका चौधरी की पिटाई की थी। उसी घटना के बदले में यह फायरिंग की गई है।
जानकारी के अनुसार, गुड्डू पांडेय परमजीत सिंह गिरोह से जुड़ा है और उस पर पहले से ही फायरिंग, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। अप्रैल 2024 में भी गुड्डू पांडेय के घर पर सिंटू सिंह गिरोह ने 15 राउंड गोलीबारी की थी। अब डेढ़ साल बाद फिर से गोलियों की गूंज से इलाका कांप उठा।