जमशेदपुर: शहर में गुरुवार शाम को बिष्टुपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रामदास भट्टा निवासी फिरदौस गद्दी का आठ वर्षीय पुत्र आरिश गद्दी अचानक रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गया। मासूम के गुमशुदा होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। परिजन जहां बदहवास हालत में उसकी तलाश कर रहे हैं, वहीं पुलिस भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, आरिश शाम तकरीबन छह बजे तक अपने घर के पास खेल रहा था। लेकिन इसके बाद जब परिजनों ने उसे नहीं देखा तो खोजबीन शुरू की। इस दौरान पास के एक मजदूर ने बताया कि उसने आरिश को एक अज्ञात व्यक्ति के साथ जाते हुए देखा था। शक गहराने पर परिजनों ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में साफ दिखाई दिया कि आरिश को एक युवक अपने साथ ले जा रहा है। यह घटना शाम लगभग 7.45 बजे की बताई जा रही है।
फुटेज देखने के बाद परिजनों का शक अपहरण की ओर और गहरा गया। इधर, आरिश की तलाश करते-करते परिजन गालूडीह स्थित टोल प्लाजा पहुंचे। वहां कर्मियों ने भी पुष्टि की कि एक कार में बच्चे को ले जाते हुए देखा गया है। इसके बाद से परिजनों की बेचैनी और बढ़ गई है। आरिश के पिता फिरदौस गद्दी, जो पेशे से इलेक्ट्रिशियन हैं, ने पुलिस से अपने बेटे की सुरक्षित बरामदगी की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि आरिश नरभेराम हंसराज पब्लिक स्कूल में कक्षा तीसरी का छात्र है और उसकी एक छोटी बहन भी है।
उधर, घटना की जानकारी मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर संदिग्ध युवक और वाहन की पहचान की कोशिश शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास के जिलों की भी टोल प्लाजा और नाकेबंदी चौकियों को अलर्ट कर दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती हैं। मासूम के अपहरण की आशंका से पूरे इलाके में दहशत और चिंता का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है और परिजन बेटे की सलामती की दुआ कर रहे हैं।