जमशेदपुर : शहर में बढ़ते अपराधों के बीच गोलमुरी थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने टुइलाडूंगरी निवासी अमरीक सिंह उर्फ रिंकू को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक नगर सुनील कुमार चौधरी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने की। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मैगजीन लगी हुई देशी पिस्टल, एक 7.65 एमएम का खोखा और घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की स्कूटी बरामद की है।


यह घटना 24 अक्टूबर की देर रात की है, जब टुइलाडूंगरी निवासी रविंद्र सिंह उर्फ रवि खेड़ा के घर के बाहर अचानक गोलियां चलने की आवाज से इलाका दहल गया था। गोलियों की तड़तड़ाहट से स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई थी। घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया।
तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने 25 अक्टूबर को आरोपी अमरीक सिंह को गिरफ्तार कर लिया। जांच में खुलासा हुआ कि अमरीक सिंह का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी कई गंभीर मामलों जैसे मारपीट, धमकी, ठगी और अवैध हथियार रखने के आरोप में जेल जा चुका है। पुलिस के अनुसार, आरोपी इलाके में दहशत फैलाने और पुराने विवादों के निपटारे के लिए फायरिंग जैसी घटनाओं को अंजाम देता था।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी संजय सुमन, गौरव सिंह, इंद्रदेव राम, अभय मिंज, सुभाष रजक, अजीत प्रकाश, रफीक आलम, तदू कुकल, विनय कुमार राम, आरक्षक प्रदीप तियु, शरमान अली और गृह रक्षक धनची सिंह शामिल थे।
पुलिस का कहना है कि अपराधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है ताकि शहर की कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे। हाल के दिनों में जमशेदपुर में फायरिंग की घटनाओं में वृद्धि से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी थी, लेकिन इस त्वरित कार्रवाई ने पुलिस की सतर्कता और तत्परता को साबित किया है। अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और शहर में किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।