झारखंड में सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, तीन दिनों में पांच डिग्री तक गिर सकता है तापमान

रांची: झारखंड में मौसम का मिज़ाज अब पूरी तरह बदल गया है। नवंबर की शुरुआत के साथ ही सर्द हवाओं ने राज्यभर में ठंड का असर तेज़ कर दिया है। सुबह और शाम के समय अब बिना जैकेट या स्वेटर के घर से निकलना मुश्किल हो गया है। राजधानी रांची समेत अन्य जिलों में लोग अब ठिठुरन महसूस करने लगे हैं।

Trulli

 

मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, शुक्रवार की रात राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन ठंडक में कोई कमी नहीं आई। रांची का न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री बढ़कर 17.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक है। वहीं, गुमला में सबसे कम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोडरमा, लोहरदगा, और चाईबासा में भी रातें अब सर्द होने लगी हैं।

 

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि हिमालयी क्षेत्रों में हो रही लगातार बर्फबारी का असर अब झारखंड में भी दिखने लगा है। उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली ठंडी हवाएं राज्य के मौसम को तेजी से ठंडा कर रही हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले तीन दिनों में तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट संभव है। 10 नवंबर तक कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे जा सकता है।

 

राजधानी रांची का तापमान भी 10 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि 15 नवंबर के बाद ठंड का असर और ज्यादा बढ़ेगा। सुबह के वक्त हल्का कोहरा छा सकता है, जबकि दिन में आसमान साफ रहने की संभावना है।

 

तेजी से गिरते तापमान को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि बुजुर्ग, बच्चे और बीमार लोग सुबह-शाम ठंडी हवा के सीधे संपर्क में आने से बचें। वहीं, ग्रामीण इलाकों में लोग अलाव जलाकर ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं।