झारखंड में ठंड से फिलहाल लोगों को थोड़ी राहत मिली है। न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इससे कड़ाके की ठंड का असर कम हुआ है और लोगों को रोजमर्रा की गतिविधियों में आसानी हुई है। जहां कुछ दिन पहले तक दोपहिया वाहन चालकों को शॉल और जैकेट पहनकर निकलना पड़ रहा था अब एक स्वेटर से ही काम चल रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों तक तापमान में यह बढ़ोतरी बनी रह सकती है और ठंड से राहत जारी रहेगी।
हालांकि पलामू, गुमला, खूंटी, हजारीबाग, रामगढ़ और चतरा जिलों में ठंड का असर अभी भी ज्यादा बना हुआ है। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सुबह घना कोहरा, दिनभर ठंडी हवाएं और शाम के समय बढ़ती ठंड लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
वहीं देवघर, साहिबगंज, गोड्डा, दुमका, पाकुड़, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा सरायकेला-खरसावां जिलों में ठंड का असर कुछ कम हुआ है। यहां न्यूनतम तापमान बढ़कर करीब 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है जो पहले 7 से 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास था। हालांकि सुबह और दोपहर के समय ठंडी हवाओं से बचाव जरूरी है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दो दिन बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम फिर बदल सकता है। इसके चलते राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर और कड़ाके की ठंड की वापसी हो सकती है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान दोबारा 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना जताई गई है।