जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र में संदिग्ध हालत में व्यक्ति की मौत, हत्या की आशंका जताते हुए परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

जमशेदपुर के टेल्को थाना अंतर्गत जेमको बजरंग नगर टेम्पो स्टैंड के समीप उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया। मृतक की पहचान गोलमुरी टुईलाडूंगरी निवासी जसपाल सिंह उर्फ गोगी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं परिजन इस मौत को हत्या बताते हुए न्याय की गुहार लगा रहे हैं।

Trulli

 

मिली जानकारी के अनुसार, जसपाल सिंह गोगी जेमको बजरंग नगर इलाके में अपने मकान का किराया लेने के लिए गए हुए थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान किसी अनहोनी का शिकार हो गए। कुछ देर बाद स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। जब लोगों ने पास जाकर देखा तो उसकी हालत गंभीर थी। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी गई।

 

सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और गंभीर अवस्था में जसपाल सिंह को तुरंत गोलमुरी स्थित थ्री प्लेट अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, अस्पताल लाए जाने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।

 

मृतक के भाई सरबजीत सिंह ने इस मामले में चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उनके भाई की हत्या की गई है और इस हत्या के पीछे उनके भाड़ेदार माधवी दत्ता का हाथ है। परिजनों का आरोप है कि किराया और अन्य मामलों को लेकर पहले से ही विवाद और तनाव चल रहा था। उन्होंने आशंका जताई कि इसी विवाद के कारण जसपाल सिंह की हत्या की गई है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

 

वहीं इस पूरे मामले पर गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मृतक हृदय रोग से पीड़ित था। प्रथम दृष्टया मामला हार्ट अटैक का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

 

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। इधर, घटना के बाद से इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है, जबकि परिजन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।