गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 131 पद्म पुरस्कारों का ऐलान, शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण

भारत  सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर देश के प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। इस वर्ष कुल 131 पद्म पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जिनमें 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री शामिल हैं। ये सम्मान विभिन्न क्षेत्रों—कला, लोक कार्य, चिकित्सा, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, सामाजिक कार्य, व्यापार व उद्योग—में विशिष्ट योगदान के लिए दिए जा रहे हैं।

Trulli

 

झारखंड के दिग्गज आदिवासी नेता और ‘दिशोम गुरु’ शिबू सोरेन को लोक कार्य के क्षेत्र में मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि झारखंड विधानसभा ने अगस्त 2025 में उन्हें भारत रत्न देने का प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित किया था। इस वर्ष झारखंड से किसी अन्य शख्सियत को पद्म पुरस्कार नहीं मिला है।

 

पद्म भूषण से सम्मानित 13 हस्तियां:

कला क्षेत्र से अलका याग्निक (महाराष्ट्र), मम्मूटी (केरल), शतावधानी आर. गणेश (कर्नाटक) और पीयूष पांडे (मरणोपरांत, महाराष्ट्र) को सम्मान मिलेगा। लोक कार्य में भगत सिंह कोश्यारी (उत्तराखंड), शिबू सोरेन (मरणोपरांत, झारखंड), वी. के. मल्होत्रा (मरणोपरांत, दिल्ली) और वेल्लापल्ली नटेशन (केरल) शामिल हैं। चिकित्सा क्षेत्र में डॉ. कालीपट्टी रामासामी पलानीस्वामी (तमिलनाडु) और डॉ. नोरी दत्तात्रेयुडु (संयुक्त राज्य अमेरिका) को चुना गया है। व्यापार एवं उद्योग में उदय कोटक (महाराष्ट्र) और खेल में विजय अमृतराज (संयुक्त राज्य अमेरिका) को पद्म भूषण मिलेगा।

 

पद्म विभूषण पाने वाली 5 हस्तियां:

कला के क्षेत्र में दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र सिंह देओल (मरणोपरांत, महाराष्ट्र) को पद्म विभूषण दिया जाएगा। लोक कार्य में के. टी. थॉमस और वी. एस. अच्युतानंदन (मरणोपरांत) को सम्मान मिलेगा। साहित्य एवं शिक्षा के लिए पी. नारायणन तथा कला के लिए एन. राजम को पद्म विभूषण से नवाजा जाएगा।

 

पद्म श्री पुरस्कार:

इस वर्ष 113 हस्तियों को पद्म श्री से सम्मानित किया जाएगा। खेल के क्षेत्र में भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा और हरमनप्रीत कौर का नाम भी सूची में शामिल है। इसके अलावा देशभर से सामाजिक कार्य, कला, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली अनेक विभूतियों को पद्म श्री प्रदान किया जाएगा।

 

सरकार के अनुसार, पद्म पुरस्कार भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं और ये समाज के हर वर्ग से आने वाले उन व्यक्तियों को समर्पित हैं, जिन्होंने अपने कार्यों से देश का नाम रोशन किया है।