जमशेदपुर में अपहरण कांड के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, तीन कुख्यात अपराधी घायल

जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के जमनोदपुर स्थित साईं मंदिर के समीप गुरुवार देर रात उद्योगपति केरव गांधी अपहरण कांड में शामिल अपराधियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इस दौरान तीन कुख्यात अपराधी गोली लगने से घायल हो गए। घायलों की पहचान गृहू सिंह, मोहम्मद इमरान और रमीज राजा के रूप में हुई है। तीनों अपराधी बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं और अपहरण समेत कई संगीन वारदातों में इनकी संलिप्तता रही है।

Trulli

 

पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान यह जानकारी मिली कि केरव गांधी के अपहरण के बाद शहर छोड़ने से पहले उन्होंने सोनारी साईं मंदिर के पास झाड़ियों में हथियार छिपा रखे हैं। इसके बाद गुरुवार देर रात पुलिस टीम तीनों को हथियार बरामदगी के लिए मौके पर लेकर पहुंची।

 

इसी दौरान आरोपियों में से एक ने बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक दुबे के बॉडीगार्ड की कारबाइन छीन ली और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस घटना में थाना प्रभारी आलोक दुबे बाल-बाल बच गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए पांच राउंड फायरिंग की, जिसमें तीनों अपराधी घायल हो गए।

 

मौके से पुलिस ने खोखे और तीन पिस्तौल बरामद किए हैं। घायल अपराधियों को तत्काल एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच उनका इलाज चल रहा है।

 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तीनों अपराधी लंबे समय से पुलिस की तलाश में थे और अपहरण व फिरौती जैसे मामलों में इनकी संलिप्तता रही है। बिहार और झारखंड में फैले इनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन छानबीन में जुटी हुई है।