रांची स्थित सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से बुधवार को पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। यह धमकी ई-मेल के माध्यम से भेजी गई, जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए रांची सिविल कोर्ट परिसर और उसके आसपास के पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। कोर्ट परिसर में मौजूद लोगों को सतर्क किया गया और एहतियातन आवाजाही पर नियंत्रण लगाया गया। किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए झारखंड जगुआर का बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच चुका है।
बम निरोधक दस्ते द्वारा पूरे कोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। परिसर के हर कोने, कार्यालयों, कोर्ट रूम और आसपास रखी संदिग्ध वस्तुओं की गहन जांच की जा रही है। साथ ही डॉग स्क्वॉड की मदद भी ली जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की विस्फोटक सामग्री की तुरंत पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। ई-मेल भेजने वाले की पहचान और उसके स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की जानकारी साझा की जाएगी।