जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित आरडी टाटा गोलचक्कर के पास रविवार को एक सड़क हादसे के बाद जमकर हंगामा देखने को मिला। एक पिकअप वाहन की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को इलाज के लिए Tata Main Hospital (टीएमएच) पहुंचाया गया।

हादसे से नाराज लोगों ने मौके पर ट्रैफिक पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया और ड्यूटी पर मौजूद पुलिस कर्मियों को घेर लिया। स्थिति बिगड़ती देख भीड़ को नियंत्रित करने के लिए क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) को मौके पर तैनात करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि महिला स्कूटी से जा रही थी, तभी वाहन चेकिंग में तैनात एक पुलिसकर्मी अचानक उसके सामने आ गया। इससे महिला असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई और पीछे से आ रही पिकअप वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
हालांकि, जिला पुलिस द्वारा जारी सीसीटीवी फुटेज में घटना का दूसरा पहलू सामने आया है। फुटेज के अनुसार महिला Sakchi से बर्मा माइंस की ओर जा रही थी, तभी वह पिकअप वाहन की चपेट में आई।
इस मामले में डीएसपी ट्रैफिक Neeraj Pathak ने स्पष्ट किया कि इस सड़क दुर्घटना का पुलिस चेकिंग अभियान से कोई संबंध नहीं है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।