रांची एयरपोर्ट पर एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में तकनीकी खराबी: उड़ान रद्द , 4 सांसदों को भी उठानी पड़ी परेशानी यात्रियों में भारी नाराजगी

रांची: राजधानी रांची से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (IX-1200) में रविवार को अचानक तकनीकी खराबी आ जाने से यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। विमान करीब दो घंटे तक बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के रनवे पर खड़ा रहा, लेकिन जब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया, तब तक फ्लाइट को ग्राउंडेड घोषित कर रद्द कर दिया गया।

Trulli

इस फ्लाइट में कुल 180 यात्री और छह क्रू मेंबर सवार थे। खास बात यह थी कि इस विमान से झारखंड के चार सांसदों को भी दिल्ली जाना था, जहां सोमवार से संसद का मानसून सत्र शुरू होना है। सांसदों में राज्यसभा सदस्य आदित्य साहू और प्रदीप वर्मा समेत कालीचरण सिंह मुंडा व विद्युत वरण महतो शामिल थे।

दो घंटे की परेशानी, फिर उड़ान रद्द

जानकारी के अनुसार, दिल्ली से रांची पहुंची फ्लाइट (IX-1199) शाम 4:52 बजे लैंड हुई थी और इसे शाम 6 बजे दिल्ली के लिए रवाना होना था। लेकिन टेक्निकल जांच के दौरान इसमें तकनीकी गड़बड़ी पाई गई। एयरलाइन इंजीनियरों ने करीब डेढ़ घंटे तक मरम्मत की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर फ्लाइट को रद्द कर दिया गया।

यात्रियों में नाराजगी, वैकल्पिक उड़ानों की मांग

फ्लाइट के अचानक रद्द होने की सूचना मिलने पर यात्रियों में भारी नाराजगी देखी गई। कई यात्रियों ने एयरलाइन प्रबंधन से वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की। जवाब में एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कुछ यात्रियों को रांची से कोलकाता के रास्ते दिल्ली भेजने का विकल्प दिया। सांसद आदित्य साहू और प्रदीप वर्मा कोलकाता के लिए रवाना हो गए और वहीं एक होटल में रात बिताई। वे सोमवार सुबह कोलकाता से दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे। वहीं अन्य दो सांसद — कालीचरण सिंह मुंडा और विद्युत वरण महतो — को सोमवार सुबह की सीधी फ्लाइट से दिल्ली रवाना किया जाएगा।

एयरलाइन और एयरपोर्ट प्रशासन का बयान

एयर इंडिया एक्सप्रेस के अनुसार, विमान में आई तकनीकी खराबी को ठीक करने के लिए आवश्यक पुर्जे दिल्ली से मंगवाए गए हैं। जब तक DGCA (नागर विमानन महानिदेशालय) से औपचारिक स्वीकृति नहीं मिल जाती, तब तक विमान को उड़ान की अनुमति नहीं दी जाएगी।

एयरपोर्ट प्रबंधन ने बयान जारी करते हुए कहा कि “यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। तकनीकी खराबी को गंभीरता से लिया गया और जोखिम से बचने के लिए उड़ान रद्द करने का निर्णय लिया गया।”

यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाएं

रद्द की गई फ्लाइट के यात्रियों को या तो अगली सुबह की फ्लाइट में समायोजित किया गया या टिकट रद्द कर पूरे पैसे वापस किए गए। वहीं मुंबई, पुणे और अन्य स्थानों के यात्रियों के लिए अलग फ्लाइट या ट्रांसफर सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।