रांची/दिल्ली: झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की हालत लगातार चिंताजनक बनी हुई है। फिलहाल वे दिल्ली के अपोलो अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में भर्ती हैं। जानकारी के मुताबिक, मंत्री सोरेन को ब्रेन स्ट्रोक हुआ था, जिसके बाद शनिवार सुबह वे बाथरूम में गिर पड़े थे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तत्काल जमशेदपुर से एयरलिफ्ट कर दिल्ली ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

डॉक्टरों की एक उच्चस्तरीय टीम उनकी निगरानी कर रही है, लेकिन अब तक उनके ऑपरेशन को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया जा सका है। बुधवार को हुई मेडिकल बोर्ड की बैठक में भी यह फैसला लिया गया कि फिलहाल ऑपरेशन नहीं किया जाएगा। जेएमएम के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षांडगी ने जानकारी दी कि मंत्री सोरेन की स्थिति गंभीर है, लेकिन स्थिर बनी हुई है। उन्हें अब तक होश नहीं आया है।
डॉक्टरों के अनुसार, जब तक स्वास्थ्य में सुधार नहीं होता, तब तक ऑपरेशन संभव नहीं है। आने वाले दिनों में अतिरिक्त मेडिकल टेस्ट किए जाएंगे, जिसके आधार पर आगे का उपचार तय किया जाएगा।
जनता में चिंता का माहौल
रामदास सोरेन की बिगड़ती तबीयत की खबर से झारखंड की जनता और उनके समर्थकों के बीच चिंता का माहौल है। राज्य सरकार के कई मंत्री और विधायक लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और परिवार के संपर्क में हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
ब्रेन स्ट्रोक के बाद बिगड़ी हालत
बताया जा रहा है कि ब्रेन स्ट्रोक की वजह से मंत्री सोरेन के मस्तिष्क में सूजन और रक्तस्राव की स्थिति बनी हुई है। डॉक्टर स्थिति को नियंत्रण में रखने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल वे आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। झारखंड की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले रामदास सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर आने वाले 48 घंटे निर्णायक माने जा रहे हैं।