उत्तर प्रदेश के गोविंद नगर थाना क्षेत्र से एक अनोखा मामला सामने आया है, जिसमें एक 40 वर्षीय महिला के कथित रूप से 16 वर्षीय किशोर के साथ लापता होने की जानकारी मिली है। किशोर के परिजनों ने महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि वह उनके बेटे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई। पीड़ित परिवार का कहना है कि महिला, जो दबौली इलाके में अपने पति और तीन बच्चों के साथ किराये पर रह रही थी, 31 मार्च 2025 को उनके बेटे को साथ लेकर चली गई। परिजनों को आशंका है कि महिला किशोर को मानसिक रूप से प्रभावित कर रही है और उसका दुरुपयोग किया जा सकता है।

थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और किशोर की सकुशल बरामदगी के प्रयास जारी हैं। परिजनों का दावा है कि उन्होंने अपने बेटे को महिला से दूर रहने की हिदायत दी थी, लेकिन वह नहीं माना। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि लगभग एक सप्ताह पहले भी दोनों दिल्ली चले गए थे। हालांकि, उस समय आपसी समझौते के बाद किशोर अपने मामा के पास इटावा चला गया था।
इसके कुछ दिन बाद महिला भी इटावा पहुंच गई और किशोर को पुनः अपने साथ ले जाने की घटना सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।