जमशेदपुर में महिलाओं से पर्स की छिनतई करने वाला गिरफ्तार, नशे की लत में करता था अपराध

जमशेदपुर: शहर में लगातार हो रही छिनतई की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने महिलाओं से पर्स छीनने वाले आरोपी शुभम कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। शुभम सिदगोड़ा विद्यापतिनगर का रहने वाला है और नशे की लत के कारण वह वारदातों को अंजाम देता था।

Trulli

 

सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि मंगलवार रात आरोपी ने महज आधे घंटे के भीतर दो महिलाओं को निशाना बनाया। सबसे पहले उसने गोलमुरी एनएमएल फ्लैट के पास पीपल निवासी रूपाली महतो से पर्स छीन लिया। इसके बाद गोलमुरी चर्च के पास कोमल कुमारी से भी पर्स की छिनतई कर फरार हो गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और टीम ने छापेमारी कर आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी के पास से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कूटी, छीने गए पर्स, मोबाइल, नकद और अन्य सामान बरामद किया है।

 

सिटी एसपी ने बताया कि शुभम पहले भी जेल जा चुका है और वह नशे का आदी है। नशे की जरूरत पूरी करने के लिए ही वह इस तरह की घटनाओं को अंजाम देता था। फिलहाल पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।

 

इस घटना से साफ है कि नशे की लत किस तरह युवाओं को अपराध की राह पर धकेल रही है और महिलाओं की सुरक्षा को भी चुनौती दे रही है।