कपाली में युवक पर दोस्त ने किया चाकू से हमला, हालत गंभीर — पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी

जमशेदपुर: शहर के कपाली थाना क्षेत्र के ताजनगर में सोमवार रात आपसी विवाद के चलते एक युवक पर उसके ही दोस्त ने चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल की पहचान मोहम्मद इरशाद के रूप में हुई है, जो ताजनगर का ही निवासी है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

Trulli

 

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात इरशाद रोज की तरह काम से लौटने के बाद अपने दोस्तों के साथ कबड्डी खेलने मैदान गया था। इसी दौरान उसका दोस्त फैजान खान वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि फैजान नशे की हालत में था और किसी बात को लेकर इरशाद से बहस करने लगा। बहस बढ़ने पर फैजान ने इरशाद को जान से मारने की धमकी दी और अचानक अपनी कमर से धारदार चाकू निकालकर उस पर कई बार वार कर दिया। खून से लथपथ इरशाद जमीन पर गिर पड़ा।

 

स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया। इधर, बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी फैजान मौके से फरार हो गया। वहीं, अस्पताल में भर्ती इरशाद पर फिर से हमला करने की कोशिश की गई। इलाज के दौरान आरोपी फैजान का बड़ा भाई अपने कुछ साथियों के साथ एमजीएम अस्पताल पहुंचा और घायल इरशाद को जबरन वहां से ले जाने की कोशिश की। इस दौरान अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई।

 

घटना की सूचना पाकर इरशाद के परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में किया और घायल को सुरक्षा व्यवस्था के बीच अस्पताल में भर्ती कराया गया।

 

इरशाद की मां ताएरा खातून ने बताया कि घटना से कुछ घंटे पहले फैजान और उसके साथी घर पर आकर इरशाद के बारे में पूछताछ कर रहे थे। इससे परिवार को आशंका है कि हमला पहले से योजनाबद्ध था।

 

फिलहाल घायल इरशाद ने कपाली थाना में आरोपी फैजान खान के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से मांग की है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।