मानगो फ्लाइओवर निर्माण स्थल पर हादसा: 30 फीट ऊंचाई से गिरा मजदूर, हालत गंभीर

जमशेदपुर: मानगो को साकची से जोड़ने के लिए बन रहे फ्लाइओवर के निर्माण स्थल पर गुरुवार को एक बड़ी दुर्घटना घटित हुई। पिलर के ऊपर काम कर रहा एक मजदूर करीब 30 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

Trulli

 

सूचना मिलते ही जदयू नेता पप्पू सिंह मौके पर पहुंचे और जख्मी मजदूर को तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति गंभीर बताकर टीएमएच रेफर कर दिया, जहां फिलहाल उसका इलाज जारी है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मानगो चौक पर फ्लाइओवर निर्माण के दौरान मजदूरों से बिना सेफ्टी बेल्ट और हेलमेट के ऊंचाई पर काम कराया जा रहा है। मौके पर किसी भी तरह की सुरक्षा व्यवस्था नहीं दिखाई दी, जिससे मजदूरों की जान पर हर पल खतरा बना रहता है। इस हादसे ने निर्माण कंपनियों द्वारा सुरक्षा मानकों की अनदेखी और प्रशासनिक निगरानी की कमी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।