बेंगलुरु में हादसा: मानगो के युवक रोहित शुक्ला की मौत, परिवार में पसरा मातम

जमशेदपुर: मानगो गुरुद्वारा रोड के रहने वाले 26 वर्षीय युवक रोहित शुक्ला उर्फ चंदन शुक्ला का बेंगलुरु में एक दर्दनाक हादसे में निधन हो गया। घटना उस समय हुई जब वह एयरपोर्ट के बाहर पार्किंग स्थल पर कार्यरत थे।

Trulli

 

मिली जानकारी के अनुसार, ड्यूटी के दौरान पार्किंग एरिया में एक वाहन से टक्कर लगने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

 

घटना की सूचना कर्नाटक पुलिस ने परिजनों को दी। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन तत्काल बेंगलुरु के लिए रवाना हुए और अब पार्थिव शरीर को लेकर जमशेदपुर लौट रहे हैं।

 

रोहित शुक्ला अपने परिवार के बड़े बेटे थे। उनके पिता पेशे से टेंपू चालक हैं और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी काफी हद तक रोहित पर ही थी। उनके असमय निधन से परिवार गहरे सदमे में है। स्थानीय लोगों और परिचितों में भी इस घटना को लेकर शोक की लहर है।