झारखंड के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में ज़ियाडा द्वारा लगभग 15 दिनों के बाद फिर से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के फेज- 7 एपेक्स ऑटो के पास से शुरू हुआ। ज़ियाडा के पदाधिकारी एवं पुलिस बल की मौजूदगी में पहले दिन करीब 70 से अधिक अवैध निर्माण पर जियाडा का बुलडोजर चलाया गया।
इस अभियान के तहत लगभग 200 अवैध तरीके से सड़क किनारे अतिक्रमण कर बनाई गई दुकानों और होटलों को हटाया जाएगा। ज़ियाडा के पदाधिकारी शनि तिर्की ने बताया कि पूर्व में मोहलत दिए जाने के बाद दोबारा से अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत की गई है।
गौरतलब है कि टुसू पर्व के दौरान अतिक्रमण हटाओ अभियान का स्थानीय लोगों एवं संगठनों द्वारा विरोध किया गया था, जिसके बाद अभियान पर रोक लगा दी गई थी। लेकिन अब यह अभियान फिर से शुरू किया गया है।
इस अभियान को लेकर ज़ियाडा प्रशासन ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर काम शुरू किया है। औद्योगिक क्षेत्र के विभिन्न फेज में अतिक्रमित 200 से अधिक अस्थाई दुकानों पर बुलडोजर चलाया जाएगा।
अतिक्रमण रोकने के लिए मंत्री से लगाई गई थी गुहार
औद्योगिक क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान रोकने को लेकर मंत्री से स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने गुहार लगाई थी। इसपर जनप्रतिनिधियों को मंत्री से आश्वासन भी मिला था। लेकिन मंत्री का आश्वासन भी काम नहीं आया और दोबारा अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू हो गया।
ज़ियाडा के पदाधिकारी शनि तिर्की ने बताया कि पूर्व में मोहलत दिए जाने के बाद दोबारा से अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत लगभग 200 अवैध तरीके से सड़क किनारे अतिक्रमण कर बनाई गई दुकानों और होटलों को हटाया जाएगा।