झारखंड में भारी बारिश और फ्लैश फ्लड का अलर्ट, 12 जिलों में खतरे की घंटी!

रांची: झारखंड में मानसून ने एक बार फिर अपनी तीव्रता दिखानी शुरू कर दी है। मौसम विभाग और फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल की ओर से प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और फ्लैश फ्लड की चेतावनी जारी की गई है। खासकर सोमवार (7 जुलाई) का दिन प्रदेशवासियों के लिए सावधानी भरा रहने वाला है।

Trulli

 

मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड के 8 जिलों — गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों में 7 से 11 सेंटीमीटर तक वर्षा हो सकती है। साथ ही, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है। इन क्षेत्रों में येलो अलर्ट लागू किया गया है।

 

वहीं, फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल ने 12 जिलों — गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, रांची, सरायकेला, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और बोकारो में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का खतरा बताया है। यह चेतावनी 7 जुलाई की शाम 5:30 बजे तक प्रभावी रहेगी।

 

राजधानी रांची समेत कई जिलों में सुबह का मौसम भले ही साफ हो, लेकिन दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदल सकता है। बीते दो दिनों से रांची में सुबह-सुबह कुहासे जैसी स्थिति देखी जा रही है, जो मानसूनी असर को दर्शाता है।

 

प्रशासन ने सभी संबंधित जिलों को अलर्ट मोड में रखा है और नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम की ताज़ा जानकारी पर नजर रखें, अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और जलजमाव वाले इलाकों से दूरी बनाएं।

 

यह अलर्ट किसानों, यात्रियों और नदी किनारे बसे लोगों के लिए खासतौर पर महत्वपूर्ण है। प्रशासन ने आपदा प्रबंधन दलों को सक्रिय कर दिया है और संभावित इलाकों में राहत सामग्री तथा रेस्क्यू टीमें तैनात कर दी गई हैं।