अर्जुन तेंदुलकर ने की सगाई, उद्योगपति रवि घई की पोती सानिया चंदोक बनीं जीवनसंगिनी

मुंबई: क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर के बेटे और बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ ऑलराउंडर अर्जुन तेंदुलकर ने हाल ही में सानिया चंदोक से सगाई कर ली है। इंडिया टुडे के मुताबिक, यह सगाई मुंबई में एक निजी समारोह में हुई, जिसमें दोनों परिवारों के करीबी दोस्त और रिश्तेदार शामिल हुए। हालांकि, अब तक परिवार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

Trulli

 

सानिया चंदोक, मुंबई के प्रतिष्ठित उद्योगपति रवि घई की पोती हैं। रवि घई का परिवार इंटरकॉन्टिनेंटल होटल और ब्रुकलिन क्रीमरी जैसे प्रतिष्ठित ब्रांडों का स्वामित्व रखता है। सानिया निजी जीवन को प्राथमिकता देती हैं और सुर्खियों से दूर रहना पसंद करती हैं।

 

25 वर्षीय अर्जुन तेंदुलकर वर्तमान में घरेलू क्रिकेट में गोवा का प्रतिनिधित्व करते हैं और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में मुंबई इंडियंस की ओर से खेल चुके हैं। उन्होंने 2020/21 सीज़न में मुंबई से अपने घरेलू करियर की शुरुआत की थी, लेकिन मौके कम मिलने के कारण 2022/23 सीज़न में गोवा से जुड़ गए, जहां उन्होंने फर्स्ट क्लास और लिस्ट ए क्रिकेट में डेब्यू किया।

 

अब तक खेले गए 17 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में अर्जुन ने 37 विकेट झटके हैं और बल्ले से 532 रन बनाए हैं। गेंदबाज़ी के साथ-साथ बल्लेबाज़ी में भी उनका योगदान उन्हें एक भरोसेमंद ऑलराउंडर बनाता है।

 

यह सगाई भारतीय क्रिकेट और उद्योग जगत के दो प्रभावशाली परिवारों के बीच नए रिश्ते की शुरुआत मानी जा रही है।