जमशेदपुर में गोलीकांड का मुख्य आरोपी आजाद गिरी कोर्ट में किया सरेंडर, भेजा गया जेल

जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र की भीड़भाड़ वाली खाऊ गली में चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव के प्रतिनिधि समरेश सिंह उर्फ गुड्डू सिंह पर हुए गोलीकांड मामले में फरार चल रहा आरोपी आजाद गिरी ने आखिरकार जमशेदपुर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया।

Trulli

इस सनसनीखेज वारदात के बाद से आजाद गिरी फरार था और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। बढ़ते दबाव को देखते हुए आजाद ने पुलिस को चकमा देते हुए कोर्ट में सरेंडर कर दिया, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

इस मामले में अब तक पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले बागबेड़ा वायरलेस मैदान निवासी बादल कुमार उर्फ काला, कीताडीह त्रिमूर्ति चौक निवासी पवन कुमार, और परसुडीह गफ्फार बस्ती निवासी मोहम्मद वाजिद उर्फ हबलु को गिरफ्तार किया जा चुका है। गोलीकांड में घायल हुए विधायक प्रतिनिधि समरेश सिंह उर्फ गुड्डू सिंह की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है और वे खतरे से बाहर हैं।

पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और इस बात की तह में जाने का प्रयास कर रही है कि हमले के पीछे वास्तविक कारण और साजिशकर्ता कौन थे। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस घटना में और कौन-कौन शामिल हो सकता है। बिष्टुपुर जैसे व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई फायरिंग से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।