जमशेदपुर: शहर में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ते अपराध, अपहरण और असामाजिक घटनाओं के विरोध में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी सड़कों पर उतर आई। जमशेदपुर महानगर भाजपा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय के समक्ष जोरदार आक्रोश-प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान पूरा इलाका राजनीतिक नारों से गूंज उठा।

मौके पर मौजूद भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि शहर में अपराधियों के मन से पुलिस का भय पूरी तरह समाप्त हो चुका है। हालात 90 के दशक के जंगलराज की याद दिला रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आए दिन हत्या, लूट, छिनतई, अपहरण और महिलाओं के साथ अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे व्यापारी, महिलाएं और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
संजीव सिन्हा ने कहा कि हेमंत सरकार कानून-व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है और अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए तो भाजपा चरणबद्ध आंदोलन को और तेज करेगी। साथ ही उन्होंने जमशेदपुर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन की मांग की।
इधर, प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पहले से ही सतर्क नजर आया। सुरक्षा कारणों से SSP कार्यालय के मुख्य गेट को बंद कर दिया गया था। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी की तैनाती की गई थी, वहीं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी पर्याप्त संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कर दिया कि यदि जमशेदपुर में कानून-व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।