आज सिर्फ एक खिलाड़ी का जन्मदिन नहीं है, आज एक युग का जश्न है महेंद्र सिंह धोनी का! “कैप्टन कूल” के नाम से मशहूर एमएस धोनी आज 44 साल के हो गए। पूरे देश में उनके जन्मदिन को किसी त्योहार की तरह मनाया जा रहा है। झारखंड के रांची से शुरू हुई इस जर्नी ने भारतीय क्रिकेट को वो पहचान दिलाई, जिसकी कमी दशकों से खल रही थी।

धोनी का क्रिकेट सफर किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं। छोटे शहर से आने वाले इस लड़के ने रेलवे में TTE की नौकरी करते हुए क्रिकेट को अपना सपना बनाए रखा। 2004 में जब उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ डेब्यू किया और पहले ही मैच में रन आउट हो गए, तब किसी ने नहीं सोचा था कि यही खिलाड़ी एक दिन भारत को वर्ल्ड कप जिताएगा।
2005 में पाकिस्तान के खिलाफ 148 और श्रीलंका के खिलाफ 183* रनों की धुआंधार पारियों ने उन्हें स्टार बना दिया। 2007 में जब भारत को पहला टी-20 वर्ल्ड कप मिला, तो कमान धोनी के हाथों में थी। इसके बाद 2011 का वर्ल्ड कप और 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी ने उन्हें आईसीसी के सभी मुख्य खिताब जीतने वाला पहला कप्तान बना दिया।
IPL में भी धोनी ने कमाल कर दिखाया। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 5 बार चैंपियन बनाकर उन्होंने यह साबित किया कि वो सिर्फ खिलाड़ी नहीं, एक लीडर हैं जिनकी सोच मैदान के पार जाती है। फिनिशर के रूप में उनका हेलिकॉप्टर शॉट और शांत दिमाग आज भी फैंस के दिलों में ज़िंदा है।
15 अगस्त 2020 को जब उन्होंने अचानक संन्यास की घोषणा की, तो हर क्रिकेट प्रेमी की आंखें नम हो गईं। लेकिन धोनी ने जो यादें दी हैं, वो कभी पुरानी नहीं होंगी।