रांची: झारखंड में घने कोहरे और शीतलहर के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। ठंडी हवाओं और गिरते तापमान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने 13 जनवरी को राजधानी रांची समेत राज्य के 13 जिलों में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान पलामू संभाग और आसपास के इलाकों में कनकनी और बढ़ सकती है। ठंड के प्रकोप को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बीते 24 घंटों के तापमान पर नजर डालें तो गुमला 3.8 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जबकि रांची में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, लातेहार, लोहरदगा और गुमला जिलों में अलग-अलग स्थानों पर शीतलहर चलने की संभावना जताई है, जिसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 13 जनवरी को रांची समेत कुल 13 जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
लगातार बढ़ रही ठंड और कोहरे के कारण सुबह और रात के समय दृश्यता भी कम हो रही है, जिससे सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, गर्म कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।