जमशेदपुर: शहर में तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर दहशत और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले बाइकर्स के खिलाफ जिला पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष के नेतृत्व में साकची क्षेत्र में जब्त किए गए 152 मॉडिफाइड साइलेंसरों को सार्वजनिक रूप से बुलडोजर चलाकर नष्ट कर दिया गया।

इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने साफ संदेश दिया कि शहर की शांति भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सिटी एसपी ने बताया कि रिहायशी इलाकों, अस्पतालों और अन्य शांत क्षेत्रों से तेज आवाज वाले साइलेंसरों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर एक शांत और सभ्य शहर है, लेकिन कुछ लोग साइलेंसर में अवैध बदलाव कर स्टंटबाजी और असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे थे, जिसे अब सख्ती से रोका जाएगा।
पुलिस के अनुसार, यह कृत्य मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 182 समेत अन्य प्रावधानों के तहत दंडनीय है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ साइलेंसर जब्ती, भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही, ऐसे मामलों में संबंधित वाहनों को थाने या न्यायिक प्रक्रिया के तहत लंबे समय तक जब्त रखा जा सकता है, ताकि दोषियों को कड़ा सबक मिल सके।