जमशेदपुर: शहर के साकची थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब 9 बजे एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक सब्जी विक्रेता पर चापड़ से हमला कर दिया गया। घटना अग्रवाल बुक स्टोर के पास की बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, शुबहम नामक युवक ने पुरानी रंजिश को लेकर सब्जी विक्रेता पर अचानक हमला कर दिया। आरोपी और पीड़ित के बीच पहले से विवाद चल रहा था, जिसके कारण यह वारदात हुई।
अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। फिलहाल उसकी स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।