दुमका की सुदीपा दत्ता ने UPSC में 41वीं रैंक हासिल कर रचा इतिहास

झारखंड के दुमका जिले की बेटी सुदीपा दत्ता ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में 41वीं रैंक हासिल कर पूरे जिले और राज्य का नाम रोशन कर दिया है। उनकी इस शानदार सफलता से दुमका सहित पूरे झारखंड में खुशी और गर्व का माहौल है।

Trulli

 

मूल रूप से कुमड़ाबाद की रहने वाली सुदीपा दत्ता के पिता सच्चिदानंद दत्ता डाकघर में पोस्टमास्टर हैं, जबकि उनकी माता पंपा दत्ता गृहिणी हैं। वर्तमान में उनका परिवार एलआईसी कॉलोनी में निवास करता है। साधारण परिवार में पली-बढ़ी सुदीपा ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर यह साबित कर दिया कि सीमित संसाधन भी बड़े सपनों की राह नहीं रोक सकते।

 

यह उनका तीसरा प्रयास था। इससे पहले वह एक बार इंटरव्यू तक पहुंचीं, लेकिन अंतिम सूची में जगह बनाने से चूक गई थीं। हालांकि उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत जारी रखी। आखिरकार इस बार उन्होंने शानदार सफलता हासिल कर अपने सपनों को साकार कर लिया।

 

सुदीपा की शुरुआती पढ़ाई सेंट जोसेफ स्कूल, बांका से हुई। इसके बाद उन्होंने सिदो कान्हू हाई स्कूल, दुमका से इंटरमीडिएट और ए.एन. कॉलेज, दुमका से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। खास बात यह है कि उन्होंने बड़े कोचिंग शहरों में जाए बिना दुमका में रहकर ही यूपीएससी की तैयारी की और राजकीय पुस्तकालय, दुमका में नियमित अध्ययन कर अपनी तैयारी को मजबूत किया।

 

गौरतलब है कि इससे पहले उनका चयन झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के माध्यम से सीडीपीओ पद के लिए भी हो चुका है।

 

सुदीपा की इस उपलब्धि ने न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे दुमका और झारखंड को गौरवान्वित किया है। उनकी सफलता आज राज्य के हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस रखते हैं।