जमशेदपुर एक बार फिर बना फुटबॉल का गढ़! 134वें डूरंड कप 2025 के उपलक्ष्य में XLRI सभागार में भव्य समारोह के साथ ऐतिहासिक ट्रॉफी का अनावरण किया गया। इस मौके पर राज्यपाल संतोष गंगवार और स्कूली शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। यह कार्यक्रम भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें झारखंड सरकार ने सहयोग दिया।

राज्यपाल ने इसे झारखंड के लिए “गौरव का क्षण” बताते हुए कहा कि डूरंड कप जैसे आयोजन राज्य की खेल संस्कृति को नई ऊर्जा देते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अनुशासन और खेल भावना के साथ अपने कौशल को निखारें और राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनें।
मंत्री रामदास सोरेन ने राज्य की नई खेल नीति की सराहना करते हुए कहा कि सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने और खेल अवसंरचना मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने डूरंड कप को झारखंड के खेल इतिहास में एक मील का पत्थर बताया।
समारोह में छऊ, संथाली, भांगड़ा जैसे लोकनृत्यों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। सभी विशिष्ट अतिथियों को फुटबॉल भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे माहौल में फुटबॉल का जोश और भी बढ़ गया।
इस बार दूसरी बार जमशेदपुर को इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट की मेज़बानी मिली है। मुकाबले 24 जुलाई से 11 अगस्त तक JRD टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले जाएंगे, जिसमें भारत और नेपाल की प्रमुख टीमें हिस्सा लेंगी।
इसके अलावा 7 और 8 जुलाई को शहर भर में ट्रॉफी टूर निकाला जाएगा, जिसे लेकर फुटबॉल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। जमशेदपुर अब सिर्फ स्टील सिटी नहीं, फुटबॉल सिटी बनता जा रहा है।