झारखंड में बिजली महंगी होने के आसार, आज होगा दरों पर बड़ा फैसला

रांची: झारखंड के बिजली उपभोक्ताओं के लिए 25 मार्च का दिन बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग आज वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नई बिजली दरों की घोषणा करने जा रहा है, जिससे आम लोगों की जेब पर असर पड़ सकता है।

Trulli

 

झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) ने बिजली दरों में 50 से 60 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव आयोग के सामने रखा है। प्रस्ताव के मुताबिक, शहरी क्षेत्रों में बिजली दर 6.85 रुपये से बढ़कर 10.30 रुपये प्रति यूनिट तक पहुंच सकती है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह 6.70 रुपये से बढ़कर 10.20 रुपये प्रति यूनिट होने की संभावना है। इसके अलावा फिक्स्ड चार्ज बढ़ाने का भी सुझाव दिया गया है।

 

हालांकि, राहत की बात यह है कि 200 यूनिट तक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं को सरकार की ओर से कुछ छूट जारी रह सकती है। लेकिन इस संभावित बढ़ोतरी का असर किसानों और औद्योगिक उपभोक्ताओं पर साफ तौर पर देखने को मिल सकता है।

 

निगम का कहना है कि बिजली उत्पादन और आपूर्ति की बढ़ती लागत, साथ ही लगातार हो रहे वित्तीय घाटे के कारण दरों में संशोधन जरूरी हो गया है। अगर आयोग प्रस्ताव को मंजूरी देता है, तो नई बिजली दरें 1 अप्रैल 2026 से लागू हो सकती हैं। ऐसे में राज्यभर के उपभोक्ताओं की नजर आज होने वाले इस अहम फैसले पर टिकी हुई है।