आदित्यपुर: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सालडीह बस्ती स्थित श्रीनाथ पब्लिक स्कूल के समीप सोमवार देर रात दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। अचानक चली गोलियों की आवाज से आसपास के लोग दहशत में आ गए और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार फायरिंग के दौरान 22 वर्षीय राजवीर सिंह को गोली लग गई। गंभीर हालत में उसे तत्काल Tata Main Hospital (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
सूत्रों का कहना है कि अपराधकर्मी संजय सरकार के बेटे शुभम सरकार पर फायरिंग करने का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि हमलावर ने आशीष को निशाना बनाकर गोली चलाई थी, लेकिन गोली राजवीर सिंह को लग गई। घटना के पीछे पुरानी रंजिश को वजह बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद को कारण माना जा रहा है। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
फिलहाल इलाके में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।