जमशेदपुर: आदित्यपुर (सरायकेला-खरसावां) थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। चुना भट्टी के पास स्थित संजय इलेक्ट्रॉनिक्स नामक दुकान पर कुछ अज्ञात युवकों ने अचानक गोलियां चला दीं। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार करीब दोपहर 1:30 बजे चार युवक दुकान पर पहुंचे। सभी युवकों ने अपने चेहरे गमछे से ढक रखे थे। दुकान पर पहुंचते ही उन्होंने अचानक तीन राउंड फायरिंग कर दी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के दौरान दुकान में मौजूद रवि कुमार पर गोली चलाने की बात सामने आई है। हालांकि रवि कुमार ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत टेबल के पीछे छिपकर किसी तरह अपनी जान बचा ली, जिससे वह बाल-बाल बच गए।
रवि कुमार के अनुसार कुछ दिन पहले हरिओम नगर में एक पार्टी के दौरान ऋषि, सानू, अमन और साहिल सोनकर के साथ उनकी कहासुनी और झड़प हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने इस घटना को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही झारखंड पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद किए हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।