पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने की मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात, दिशोम गुरु शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की ली जानकारी

झारखंड की राजनीति में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण मुलाकात देखने को मिली, जब राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान में ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। यह शिष्टाचार भेंट मुख्यमंत्री आवास पर हुई, जहां दोनों नेताओं के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत हुई।

Trulli

 

इस मुलाकात का प्रमुख उद्देश्य दिशोम गुरु एवं झारखंड आंदोलन के प्रणेता शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी लेना था। रघुवर दास ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और परिवार के सदस्यों से भी बातचीत कर हालचाल जाना।

 

मुलाकात के बाद रघुवर दास ने मीडिया से बातचीत में कहा, “दिशोम गुरु शिबू सोरेन न सिर्फ झारखंड की राजनीति, बल्कि सामाजिक चेतना के भी स्तंभ रहे हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता स्वाभाविक है। मैं ईश्वर से उनके दीर्घायु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।”

 

राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को राजनीतिक मतभेदों से परे एक सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जो राज्य की राजनीति में सौहार्दपूर्ण संवाद की मिसाल पेश करता है। ज्ञात हो कि शिबू सोरेन पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे हैं और उनके स्वास्थ्य को लेकर झारखंडवासियों में चिंता बनी हुई है।