रांची: झारखंड में एक बार फिर मौसम बिगड़ने को तैयार है। अगले चार दिनों तक राज्य में आंधी, तूफान और भारी बारिश का तांडव मच सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने 22 जुलाई से 28 जुलाई 2025 तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। साथ ही, 23 जुलाई को पूरे राज्य में वज्रपात और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

नौ जिलों में भारी बारिश का विशेष अलर्ट:
24 जुलाई से 27 जुलाई तक नौ जिलों में भारी वर्षा की आशंका है। इन जिलों में पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, रांची, गुमला, लोहरदगा, खूंटी और रामगढ़ शामिल हैं। इन क्षेत्रों में प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है और आपदा प्रबंधन टीमें तैयार रखी गई हैं।
दुमका में रिकॉर्ड बारिश:
22 जुलाई को सबसे ज्यादा बारिश दुमका में दर्ज की गई, जहां 91.6 मिमी वर्षा हुई। लगातार बारिश के चलते राज्य के कई निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
तापमान में भी गिरावट संभव:
बारिश के प्रभाव से अगले तीन दिनों में राज्य के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। जिससे मौसम कुछ हद तक ठंडा और सुकूनदायक जरूर हो सकता है, लेकिन बिजली गिरने और आंधी-तूफान की आशंका ने चिंता बढ़ा दी है।
मौसम विभाग की अपील:
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान बिना आवश्यकता के घर से बाहर न निकलें, मोबाइल चार्जिंग के दौरान सावधानी बरतें, पेड़ों के नीचे शरण न लें और किसी सुरक्षित स्थान पर रहें।