जमशेदपुर में गणेश उत्सव की धूम पूरे जोश के साथ जारी है। शहर के किताडीह बॉयज क्लब के गणेश उत्सव की अनोखी परंपरा इस बार भी खूब चर्चा में रही। साल 1983 से चली आ रही इस परंपरा के तहत गणपति विसर्जन से पहले हर साल गणपति के लड्डू की बोली लगाई जाती है।

इस साल 5 किलो लड्डू की बोली 70 हजार रुपए तक पहुंची, जिसे जमशेदपुर के रहने वाले जोगिंदर राव और उनके परिवार ने खरीदा। पिछले साल यही लड्डू 55 हजार रुपए में नीलाम हुआ था।
बोली की शुरुआत मात्र 500 रुपए से होती है और धीरे-धीरे यह आंकड़ा हजारों तक पहुंच जाता है। खास बात यह है कि इसमें बोली लगाने के लिए न सिर्फ जमशेदपुर बल्कि झारखंड के अलग-अलग जिलों से श्रद्धालु आते हैं।
लड्डू हासिल करने के बाद जोगिंदर राव ने इसे गणपति बप्पा की कृपा बताया। उन्होंने कहा, “हम हर साल इस बोली में शामिल होते हैं, इस बार ठान लिया था कि चाहे जितनी कीमत चुकानी पड़े, गणपति का लड्डू घर लेकर जाएंगे।”
वहीं, समिति ने बताया कि गणेश उत्सव में इस परंपरा को लेकर लोगों में खास उत्साह रहता है। देर शाम धूमधाम और सामूहिक सहभागिता के बीच गणपति बप्पा का विसर्जन किया गया। जमशेदपुर में इस तरह धार्मिक आस्था और अनोखी परंपरा का संगम गणेश उत्सव को और भी खास बना देता है।