घाटशिला विधानसभा उपचुनाव 2025: सुबह 9 बजे तक 17.33% मतदान, महिलाओं में दिखा उत्साह, शांतिपूर्ण माहौल में चल रही वोटिंग

जमशेदपुर : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले की घाटशिला विधानसभा सीट पर सोमवार को उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय (मीडिया कोषांग) से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह 9 बजे तक कुल 17.33 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। सुबह के समय से ही मतदान केंद्रों पर पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं की लंबी कतारें नजर आईं।

Trulli

 

मतदान को लेकर ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक लोगों में गजब का जोश देखने को मिल रहा है। मतदान केंद्रों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है। वहीं, पहली बार वोट डालने वाले युवाओं में भी खासा उत्साह है।

 

प्रशासन की ओर से चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है और जिले के वरीय अधिकारी लगातार मतदान की निगरानी कर रहे हैं। अब तक कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।

 

सुबह के समय मौसम सुहावना रहने के कारण मतदाता घरों से निकलकर मतदान केंद्रों की ओर जा रहे हैं। घाटशिला, मुसाबनी, गुरीडिह, डुमरिया, चाकुलिया सहित विभिन्न इलाकों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।

 

निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाताओं से अपील की गई है कि वे निर्भय होकर अपने मत का प्रयोग करें। वहीं, राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता भी अपने-अपने समर्थकों को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने में सक्रिय दिखाई दे रहे हैं।

 

बताया जा रहा है कि दोपहर के बाद मतदान की रफ्तार और तेज होने की संभावना है। प्रशासन को उम्मीद है कि शाम तक मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी। घाटशिला विधानसभा उपचुनाव का परिणाम आने वाले राजनीतिक समीकरणों पर बड़ा प्रभाव डाल सकता है।