जमशेदपुर: शहर के परसुडीह थाना क्षेत्र में बुधवार रात बकरी चोरी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। घटना गोलपहाड़ी स्थित गायत्री मंदिर के पास की है, जहां लोगों के आक्रोश का भी सामना आरोपी को करना पड़ा।

पकड़े गए युवक की पहचान राजा के रूप में हुई है, जो मानगो के आजादनगर का निवासी बताया जा रहा है। गुस्साए लोगों ने पहले उसकी कार में तोड़फोड़ की और फिर उसकी पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
मामले की शुरुआत बागबेड़ा निवासी रवि की बकरी चोरी होने से हुई। बुधवार सुबह बकरी गायब होने के बाद उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में साफ दिखा कि सफेद रंग की ब्रीज़ा कार से आए चोरों ने बकरी को ब्रेड खिलाकर बहलाया और फिर उसे कार में खींचकर ले गए।
कार का नंबर मिलने के बाद पीड़ित और स्थानीय युवक आरोपियों की तलाश में जुट गए। इसी दौरान खासमहाल के पास संदिग्ध कार दिखने पर युवकों ने उसका पीछा किया। खुद को घिरता देख कार सवार चोर भागने लगे, लेकिन गायत्री मंदिर के पास लोगों ने उन्हें घेर लिया।
कार में तीन लोग सवार थे, जिनमें से दो मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि राजा को पकड़ लिया गया। कार की तलाशी लेने पर उसमें से चार बकरियां बरामद की गईं।
परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश ने बताया कि स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच जारी है।