रांची: झारखंड के युवाओं के लिए भारतीय सेना में शामिल होने का सुनहरा अवसर एक बार फिर सामने आया है। 22 अगस्त से 4 सितंबर तक रांची के खेलगांव में सेना भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर सोमवार को जिला समाहरणालय में सेना अधिकारियों और जिला प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे सेना के कर्नल विकास भोला ने कहा कि रांची जिले से अधिक से अधिक युवा सेना में भर्ती हों, यही हमारा मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने भर्ती रैली के दौरान विधि-व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण, सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा, एंबुलेंस आदि व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन से सहयोग मांगा।
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ सेना भर्ती रैली के सफल आयोजन के लिए हरसंभव सहयोग करेगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे किसी भी दलाल या बिचौलिए के झांसे में न आएं क्योंकि सेना की भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष होती है।
भर्ती के लिए अनिवार्य दस्तावेज:
- ऑनलाइन चरित्र प्रमाण पत्र
- निवास प्रमाण पत्र
- जाति प्रमाण पत्र
- रैली का प्रवेश पत्र (जिसे बारिश से सुरक्षित रखना होगा)
- एंड्रॉयड फोन (सभी अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य)
इन पदों पर होगी भर्ती:
- ग्रुप A – अग्निवीर (सामान्य ड्यूटी)
- ग्रुप B – अग्निवीर (टेक्निकल)
- ग्रुप C – अग्निवीर (क्लर्क/स्टोर कीपर)
- ग्रुप D – अग्निवीर ट्रेड्समैन (10वीं पास)
- ग्रुप E – अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं पास)
रैली की मुख्य बातें:
- भर्ती रैली सुबह 4 बजे से शुरू होगी।
- खेलगांव परिसर में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।
- युवाओं को समय पर पहुंचने और शारीरिक तथा मानसिक रूप से पूरी तरह तैयार रहने की सलाह दी गई है।
प्रशासन और सेना दोनों ही इस रैली को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। ऐसे में यह झारखंड के हजारों युवाओं के लिए अपने सपनों को सच करने का मौका है। जोश, जज्बा और तैयारी के साथ पहुंचे – देश को आपकी जरूरत है!