13 साल कोमा में रहने के बाद हरीश राणा को मिली इच्छामृत्यु, ग्रीन पार्क में हुआ अंतिम संस्कार

नई दिल्ली: गाजियाबाद के 31 वर्षीय हरीश राणा, जो पिछले 13 वर्षों से कोमा में थे, को इच्छामृत्यु (पैसिव यूथेनेशिया) दिए जाने के एक दिन बाद बुधवार सुबह उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनका दाह संस्कार ग्रीन पार्क श्मशान घाट में सुबह 9:40 बजे किया गया, जहां उनके छोटे भाई आशीष ने मुखाग्नि दी।

Trulli

 

अंतिम संस्कार से पहले हरीश का पार्थिव शरीर श्मशान घाट लाया गया, जहां परिवार और करीबी लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। पिता अशोक राणा (62) ने बेटे को आखिरी बार प्रणाम करते हुए भावुक अपील की। उन्होंने हाथ जोड़कर कहा, “कोई रोना मत। बेटा शांति से जाए, यही प्रार्थना है। भगवान उसे जहां भी जन्म दें, उसे आशीर्वाद मिले।”

 

हरीश राणा ने 24 मार्च को एम्स दिल्ली में अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से कोमा में थे और उनकी हालत में सुधार की कोई संभावना नहीं थी। डॉक्टरों की देखरेख में उन्हें पैसिव यूथेनेशिया दिया गया, जिसमें मरीज को जीवित रखने वाली लाइफ सपोर्ट प्रणाली को हटाकर प्राकृतिक मृत्यु होने दी जाती है।

 

इस दुखद घटना के बीच मानवता की मिसाल भी देखने को मिली। परिवार ने हरीश के फेफड़े, दोनों किडनी और कॉर्निया दान करने का फैसला लिया है। डॉक्टरों के अनुसार, इस अंगदान से कम से कम 6 लोगों को नया जीवन मिलने की उम्मीद है।

 

हरीश राणा का मामला एक बार फिर इच्छामृत्यु और अंगदान जैसे संवेदनशील विषयों पर समाज में चर्चा को तेज कर गया है।