झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट , आपदा प्रबंधन की टीम तैयार

झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी से उठे गहरे निम्न दबाव का क्षेत्र भले ही छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ते हुए कमजोर पड़ रहा है लेकिन इसका असर झारखंड में अब भी जारी है। इसके साथ ही सक्रिय मानसून ट्रफ लाइन झारखंड से गुजर रही है, जिसके कारण राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश हो रही है।

Trulli

24 घंटे में रिकॉर्डतोड़ बारिश

पिछले 24 घंटों में झारखंड के कई जिलों में जमकर बारिश हुई।

•घाटशिला (पूर्वी सिंहभूम) – 192.6 मिमी

•मंझारी (पश्चिमी सिंहभूम) – 189.0 मिमी

•सरायकेला – 129.0 मिमी

•टाटानगर – 125.8 मिमी

•अड़की – 98.0 मिमी

•चाईबासा – 96.5 मिमी

•लातेहार – 89.0 मिमी

•गढ़वा – 88.2 मिमी

•खूंटी – 78.5 मिमी

•गुमला – 70.2 मिमी

 

बारिश का सबसे ज्यादा असर दक्षिणी और मध्य झारखंड के जिलों में देखा गया। भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए झारखंड सरकार ने राज्य भर में अलर्ट घोषित कर दिया है। आपदा प्रबंधन और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सभी अस्पतालों और आपातकालीन सेवाओं को 24 घंटे तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।

इन जिलों में खतरे की संभावना

मौसम विभाग ने पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रांची, खूंटी, गुमला और लातेहार जिलों में ज्यादा सावधानी बरतने को कहा है। इन जगहों पर जलभराव, आंधी और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।

 

सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे निचले इलाकों में सतर्क रहें कमजोर इमारतों से दूर रहें, अनावश्यक यात्रा से बचें और बच्चों को बारिश में बाहर न जाने दें। प्रशासन ने दावा किया है कि किसी भी आपदा की स्थिति से निपटने के लिए टीमें पूरी तरह तैयार हैं।