झारखंड में भारत बंद का असर: 9 जुलाई को स्कूल, कॉलेज और बैंकों पर संशय बरकरार

रांची: कल 9 जुलाई को देशव्यापी भारत बंद के आह्वान के चलते झारखंड में सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है। भारत बंद का आयोजन विभिन्न कर्मचारी संगठनों द्वारा केंद्र सरकार की श्रम एवं आर्थिक नीतियों के विरोध में किया जा रहा है। इसमें करीब 25 करोड़ कर्मचारी हिस्सा ले सकते हैं। ऐसे में झारखंड में भी कई विभागों और सेवाओं पर व्यापक असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

Trulli

स्कूल और कॉलेज को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं

अब तक राज्य सरकार या शिक्षा विभाग की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि झारखंड में कल स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे या नहीं। हालांकि शिक्षक संगठनों की ओर से बंद को समर्थन देने की अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन आधिकारिक रूप से कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। संभावना जताई जा रही है कि शिक्षा विभाग आज शाम तक कोई दिशा-निर्देश जारी कर सकता है।

बैंक सेवाएं हो सकती हैं प्रभावित

बैंकों को लेकर स्थिति थोड़ी अधिक संवेदनशील है। ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन और अन्य यूनियनों के बंद को समर्थन देने की संभावना के बीच माना जा रहा है कि कई राष्ट्रीयकृत और क्षेत्रीय बैंकों की शाखाएं कल बंद रह सकती हैं या आंशिक रूप से काम कर सकती हैं। इससे आम जनता की बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।

परिवहन और सरकारी कार्यालयों पर भी पड़ेगा असर

बंद के दौरान झारखंड में परिवहन सेवाओं, विशेषकर बस और ऑटो सेवाओं पर भी असर पड़ सकता है। वहीं कुछ सरकारी कार्यालयों में भी कर्मचारियों की उपस्थिति कम हो सकती है। ट्रेड यूनियनों के समर्थन से यह हड़ताल और अधिक व्यापक हो सकती है।

पुलिस प्रशासन सतर्क

झारखंड पुलिस और जिला प्रशासन ने ऐहतियातन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अशांति से निपटा जा सके।