धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में एक किशोर का शव पेड़ से लटका मिला है। आशंका जताई जा रही है कि किशोर की हत्या कर शव पेड़ से लटका दिया गया है। मृतक की पहचान चंदूडीह गांव के निवासी सनाउल अंसारी (16 वर्ष) के रूप में हुई। सनाउल के शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोट लगी थी। उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे और गले पर दबाने का निशान था। प्रतीत हो रहा था कि कई लोगों ने मिलकर पहले किशोर से मारपीट की और हाथ-पैर बांधकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने शव जब्त कर लिया है। आज पोस्टमार्टम होगा।

सनाउल अंसारी 10वीं में पढ़ाई के साथ-साथ मजदूरी भी करता था। वह तीन जून को गोविंदपुर बाजार जाने की बात कहकर गांव के ही असगर अंसारी के साथ घर से निकला था। इसके बाद नहीं लौटा। चार जून को पिता कुद्दुस अंसारी ने गोविंदपुर पुलिस को बेटे की गुमशुदगी की सूचना दी थी। पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की सीडीआर निकाली और जांच में जुट गयी। जांच चल ही रही थी कि गुरुवार शाम चार बजे पुलिस को एक लाश मिलने की सूचना मिली। पुलिस घटनास्थल पहुंची तो पता चला कि वह शव सनाउल अंसारी का था। घटनास्थल पर डीएसपी शंकर कामती भी पहुंचे।
पुलिस इस मामले को प्रेम प्रसंग से भी जोड़कर देख रही है। पुलिस का कहना है कि दुश्मनी के कारण सनाउल अंसारी की हत्या की गयी होगी।