बंगाल चुनाव में कदम बढ़ा रही जयराम महतो की पार्टी, बारिश में भी उमड़ी भीड़ ने बढ़ाया उत्साह

झारखंड की राजनीति में सक्रिय जयराम महतो की पार्टी झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) अब पश्चिम बंगाल की सियासत में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की तैयारी में जुट गई है। इसी क्रम में शनिवार को पार्टी की पहली चुनावी सभा बाघमुंडी विधानसभा क्षेत्र के झालदा (तूलिन) स्थित उहूपिरी मैदान में आयोजित की गई।

Trulli

 

बारिश के बावजूद इस सभा में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने पार्टी नेताओं का उत्साह बढ़ा दिया। सभा को संबोधित करते हुए जयराम महतो ने कहा कि खराब मौसम के बावजूद जिस तरह से स्थानीय लोग पहुंचे, वह बदलाव की इच्छा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह समर्थन इस बात का संकेत है कि जनता मौजूदा सरकार से निराश है और विकल्प तलाश रही है।

 

जयराम महतो ने बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और विकास जैसे मुद्दों को उठाते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा। साथ ही उन्होंने पार्टी के बंगाल प्रभारी, पर्यवेक्षकों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाएं और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ें।

 

सूत्रों के अनुसार, पार्टी बंगाल चुनाव में कुछ सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि पार्टी किसी गठबंधन के तहत चुनाव लड़ेगी या अकेले मैदान में उतरेगी।

 

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जैसे इलाकों में कुर्मी समुदाय की अच्छी-खासी आबादी है, जिसे JLKM का संभावित वोट बैंक माना जा रहा है। ऐसे में आने वाला चुनाव यह तय करेगा कि जयराम महतो बंगाल की राजनीति में कितनी प्रभावी छाप छोड़ पाते हैं।