जमशेदपुर: शहर के टेल्को थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब टाइगर मोबाइल के जवानों ने एक नाबालिग को संदिग्ध स्थिति में पकड़ते हुए उसके पास से 10 जिंदा गोलियां बरामद कीं। यह कार्रवाई लेबर ब्यूरो के पास की गई, जहां पुलिस की सक्रियता से संभावित बड़ी घटना टल गई।

मिली जानकारी के अनुसार, नाबालिग बाइक से लेबर ब्यूरो इलाके से गुजर रहा था। इसी दौरान गश्त पर तैनात टाइगर मोबाइल के जवानों की नजर उसकी गतिविधियों पर पड़ी, जो उन्हें संदिग्ध लगी। शक के आधार पर जवानों ने तुरंत उसे रोका और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उसके पास से 10 जिंदा गोलियां बरामद होते ही पुलिस महकमे में सतर्कता बढ़ गई। इसके बाद जवानों ने नाबालिग को हिरासत में लेकर टेल्को थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
फिलहाल पुलिस नाबालिग से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि गोलियां उसे कहां से मिलीं और इसके पीछे उसका क्या मकसद था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू की जांच में जुट गई है।