जमशेदपुर : होली के दिन साकची में 17 वर्षीय छात्र पर चाकू से हमला, इलाके में दहशत

Jamshedpur में होली के दिन एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत काशीडीह काली मंदिर के पास बुधवार को 17 वर्षीय छात्र रितेश कुमार पर कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। घायल छात्र साकची गुरुद्वारा स्कूल का विद्यार्थी है और लाइन नंबर-4 बागान एरिया का निवासी बताया जा रहा है।

Trulli

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय रितेश अपने चार दोस्तों के साथ इलाके में घूम रहा था। इसी दौरान अचानक ऊपर से किसी ने उन पर पानी फेंक दिया। रितेश ने इसका विरोध करते हुए कहा कि होली का समय बीत चुका है और अब पानी न फेंका जाए। इसी बात को लेकर वहां मौजूद कुछ युवकों के साथ विवाद शुरू हो गया।

 

देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और गाली-गलौज शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान मौजूद तीन युवकों में से एक ने अचानक चाकू निकालकर रितेश पर हमला कर दिया। इस हमले में रितेश को शरीर पर दो स्थानों पर गंभीर चोटें आईं।

 

घटना के बाद एक स्थानीय व्यक्ति घायल छात्र को लेकर तुरंत साकची थाना पहुंचा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रितेश को इलाज के लिए MGM Hospital भेजा। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई है।

 

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। साकची थाना पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुट गई है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान संयम बनाए रखें और किसी भी विवाद की स्थिति में कानून को हाथ में न लें।