जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले की पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कदमा थाना क्षेत्र में 9 अक्टूबर को हुई करीब 20 लाख रुपये की डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज कांड में शामिल तीन कुख्यात अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुड्डू पाजी उर्फ श्रवण कुमार निर्मलकर (लोको कॉलोनी, मछुआ बस्ती, थाना परसुडीह), विजय उर्फ विशाल सवैया (सोमाय झोपड़ी, थाना बागबेड़ा) और शिवम कालिंदी (पावड़ा नर्सिंगगढ़, थाना धालभूमगढ़) के रूप में की गई है। तीनों आरोपी जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय एक संगठित आपराधिक गिरोह के सदस्य बताए जा रहे हैं।


पुलिस सूत्रों के अनुसार, 9 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे 7 से 8 हथियारबंद अपराधी रामनगर रोड नंबर 02, होल्डिंग नंबर 01 निवासी दीप राज दास के घर में घुस गए थे। अपराधियों ने घर के सभी सदस्यों को एक कमरे में बंधक बना लिया और घर से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गए थे। यह वारदात शहर भर में चर्चा का विषय बन गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में एक विशेष 511 टीम का गठन किया गया। इस टीम ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पेशेवर तरीके से जांच करते हुए घटना का पर्दाफाश किया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर एक बुलेट मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन संख्या JH05DZ-5810) बरामद की है, जिसका उपयोग इस डकैती में किया गया था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तीनों अपराधी पहले भी हत्या, लूट, और आम्र्स एक्ट जैसे कई गंभीर मामलों में जेल जा चुके हैं। इनका आपराधिक नेटवर्क जमशेदपुर, बागबेड़ा, परसुडीह और धालभूमगढ़ तक फैला हुआ है।
पुलिस की विशेष टीम ने इस मामले में पहले ही पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब कुल आठ अपराधी इस कांड में गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि कुछ फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
जमशेदपुर पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का भंडाफोड़ कर सभी फरार अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। पुलिस ने दावा किया है कि इस डकैती के पीछे एक संगठित गिरोह काम कर रहा था, जो शहर और आसपास के इलाकों में लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहा था। इस खुलासे से शहरवासियों में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।