जमशेदपुर: सोनारी-कदमा लिंक रोड पर बेकाबू पुलिस वाहन चढ़ा लोगों पर, महिला घायल – आक्रोशित लोगों ने किया हंगामा, देखें Video

जमशेदपुर: शनिवार की सुबह सोनारी-कदमा लिंक रोड पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक पुलिस वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे टहल रहे लोगों की ओर जा घुसा। हादसे में एक महिला घायल हो गई, जबकि कई खड़ी गाड़ियों को क्षति पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ जब कई स्थानीय लोग रोजाना की तरह टहलने और व्यायाम के लिए सड़क किनारे मौजूद थे।

Trulli

स्थानीय निवासी संगीता कुमारी ने बताया कि तेज रफ्तार में आ रही पुलिस की एक कार अचानक बेकाबू होकर किनारे जा चढ़ी। टक्कर लगने से एक महिला गिर पड़ी और उसके हाथ में चोट आई। घटना के बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। लोगों ने तुरंत घायल महिला को उठाया और कदमा थाना पुलिस को सूचना दी।

 

घटना की जानकारी मिलते ही कदमा थाना की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य बताई गई है। हालांकि, दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग काफी नाराज दिखे। उन्होंने पुलिस वाहन चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया। लोगों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया और चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

 

सूचना मिलते ही कदमा थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

इधर, दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुई कई गाड़ियों के मालिकों ने पुलिस प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। उनका कहना है कि उनकी कोई गलती नहीं थी, इसलिए वाहन मरम्मत का खर्च प्रशासन को उठाना चाहिए।

 

स्थानीय लोगों ने यह भी कहा कि सोनारी-कदमा लिंक रोड पर रोज सुबह सैकड़ों लोग टहलने, योग करने और दौड़ने के लिए आते हैं, लेकिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण यहां अक्सर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने और यातायात नियंत्रण के लिए बैरिकेड लगाने की मांग की है।

 

पुलिस ने बताया कि वाहन चलाने वाले पुलिसकर्मी से पूछताछ की जाएगी और अगर लापरवाही साबित होती है तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, अन्यथा यह घटना बड़ा रूप ले सकती थी।