जमशेदपुर: जमशेदपुर से सटे कपाली ओपी क्षेत्र में शनिवार शाम एक बार फिर चाकूबाजी की घटना सामने आई, जिससे पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल बन गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, 14 वर्षीय ज़ैद खान शाम करीब 6 बजे श्यामसुंदर मैदान में क्रिकेट खेलने गया था। इसी दौरान आमिर नामक युवक, जो अलकबीर पॉलिटेक्निक के पीछे का रहने वाला बताया जा रहा है, वहां पहुंचा और ज़ैद के साथ मज़ाक करने लगा।
बताया जा रहा है कि जब ज़ैद खान ने इस मज़ाक का विरोध किया, तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आमिर ने गुस्से में आकर डैगर निकाल लिया और ज़ैद पर हमला कर दिया। इस हमले में ज़ैद की पीठ में गंभीर चोट आई है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों की मदद से घायल ज़ैद को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
फिलहाल, खबर लिखे जाने तक इस मामले में कपाली ओपी में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।