जमशेदपुर: मानगो के सुन्दर गार्डन सोसायटी में सोमवार को बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ दुर्गा पूजा पंडाल का भूमि पूजन सम्पन्न हुआ। भूमि पूजन समिति के अध्यक्ष निर्मल कुमार के नेतृत्व और देख-रेख में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूजा के अवसर पर सोसायटी के सभी सदस्य, बच्चे और महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं और माता रानी की स्तुति कर भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की।

सोसायटी के अध्यक्ष उमाशंकर सिन्हा ने जानकारी दी कि सुन्दर गार्डन में दुर्गा पूजा का आयोजन पिछले सोलह वर्षों से लगातार होता आ रहा है और इस बार यह 17वां वर्ष होगा। उन्होंने कहा कि समिति हर वर्ष पूजा को और बेहतर तरीके से करने का प्रयास करती है। इस बार भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतज़ाम किए जा रहे हैं। सोसायटी के बच्चों और महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम इस बार भी मुख्य आकर्षण रहेंगे। नृत्य, गीत, नाटक और पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से वातावरण को और भी भक्तिमय और मनोरंजक बनाने की योजना है।
पूजन समारोह में स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस अवसर पर विवेक पराशर सिन्हा, हरेंद्र सिंह, एस.सी. झा, पी.सी. झा, अनिल कुमार सिन्हा, नारायण झा, जे.एन. सिंह, सुशांत सुराल और वासुदेव दन्डपत समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पूरे आयोजन में एकता और उल्लास का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से परिवार और समाज की खुशहाली की प्रार्थना की। समिति ने भरोसा दिलाया कि आगामी दुर्गा पूजा में भक्तों की आस्था और श्रद्धा को ध्यान में रखते हुए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। भूमि पूजन के साथ ही अब दुर्गा पूजा की तैयारियां गति पकड़ चुकी हैं और क्षेत्र में त्योहार का उत्साह दिखाई देने लगा है।